लैला का निकाह हुआ था दाऊद के दूर के रिश्तेदार से

विवेक अग्रवाल, 25 जून 2012, मुंबई
आतंकी गतिविधियों से नाम जुड़ने और भारत से चुपचाप गायब होने के बाद पाक अभिनेत्री लैला खान के बारे में पहले तो यह खबर आई कि वह दुबई भाग गई है। फिर यह खबर उड़ाई गई कि उसकी हत्या पनवेल के ही फॉर्म हाऊस में परवेज और उसके साथियों ने कर दी होगी, फिर परवेज की गिरफ्तारी के बाद उससे हुई पूछताछ में यह सामने आया कि न केवल लैला जिंदा है बल्कि दुबई में अपने पूरे परिवार के साथ सुरक्षित रहती है।

लैला की शादी सोनू से
अब यह पता चला है कि इस आतंकी विषकन्या का निकाह दाऊद के बेहद दूर के एक पाकिस्तान मूल के चचेरे भाई कमाल जलवानी के बेटे सोनी से हुआ है।

सोनू की उम्र 30 साल के ऊपर है। वह इस समय भारत में ही है। उशके मुंबई में होने की जानकारी हमारे सूत्रों से मिल रही है।

पता चला है कि लैला खान और सोनू साथ नहीं रहते हैं। वे काफी समय से अलग अलग ही रह रहे हैं और उसका कारण यह है कि लैला खान को भारतीय फिलमों में काम करने की सनक सवार हो गई थी, जिसे सोनू और उसका परिवार पचा नहीं पा रहा था। लैला अपनी इसी जिद की वजह से भारत में रह रही थी और उसका सोनू से लंबे समय से कोई संपर्क भी नहीं था।

दाऊद का चचेरा भाई कमाल जलवानी उर्फ कमाल भाई
सूत्रों के मुताबिक कमाल जलवानी असल में पाकिस्तान का एक बड़ा हवाला डीलर है और उशका कारोबार खाड़ी देशों के अलावा भारत में भी बडे पैमाने पर होता है। उसके संपर्क यूरोपीय, दक्षिण अफ्रिकी देशों के अलावा अमरीका में भी हैं।

यह भी जानकारी मिली है कि लैला और उसके पूरे परिवार का फर्जी पासपोर्ट बनवाने के पीछे कमाल का ही हाथ था। लैला को कमाल से मिलवाने वाला परवेज था, जिसे खुफिया एजंसियों ने पिछले दिन जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया था।

कमाल भी हवाला कारोबार के सिलसिले में भारत आता-जाता रहता है। यह भी जानकारी मिली है कि कमाल के साथ दाऊद के करीबी रिश्ते तो नहीं हैं लेकिन ईद-बकरीद पर बस दुआ सलाम होती रहती है। कमाल का परिवार भारत-पाक विभाजन के दौरान हिंदुस्तान नहीं आया था, वह पाकिस्तान में ही रह रहा था लेकिन उनके चूंकि भारत में रिश्तेदार काफी तादाद में हैं, इसलिए उनके संबंध पूरे देश में आज भी बने हुए हैं।

Comments