माफिया सरगना रवि पुजारी के दो साथी गिरफ्तार

मुंबई के करीबी इलाके डोंबीवली से माफिया सरगना रवि पुजारी के गिरोह से जुड़े एक और गुर्गे बिपिन पाटिल की गिरफ्तारी हुई है। 

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों के मुताबिक बिपिन पाटिल बड़ा शराब विक्रेता है। उसके साथ ही पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कि रवि गिरोह या आरपी कंपनी का सदस्य बताया जाता है। पुलिस ने इस सिलसिले में दयानंद जतन उर्फ चड्डी नामक कुख्यात गिरोहबाज को भी गिरफ्तार कर रखा है। 

इन गिरफ्तारियों के साथ पिछले 48 घंटों में आरपी कंपनी के कुल गिरफ्तार सदस्यों की संख्या सात पर जा पहुंची है। पता चला है कि गिरफ्तार गिरोहबाजों में भारतीय जनता पार्टी के एक पूर्व मंत्री के करीबी रिश्तेदार भी है। 
 
पिछले महीने इन लोगो ने रवि पुजारी को 18 लाख रूपए हवाला के माध्यम से भेजे थे। आरपी कंपनी के इस सहायक गिरोह ने पिछले कुछ दिनों में मुंबई के विधायक प्रताप सरनाईक, पार्षद रमेश म्हात्रे, राज ठाकरे की राजनीतिक पार्टी मनसे के जिला अध्यक्ष राजू पाटिल, बिल्डर प्रफुल्ल शाह के अलावा 5 अन्य लोगो को फ़ोन करके हफ्ते के लिए धमकाया था। 

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इन लोगो ने आरपी कंपनी के सुपारी हत्यारों और निशाचनचियों को इन शिकारों के नाम, पते और अन्य जानकारियों के साथ ही शिनाख्त करने में आसानी होने के लिए फोटो भी उलपब्ध करवाए थे। इन लोगों ने कुल 9 लोगों को मारने या उनके दफ्तर अथवा घरों के आसपास गोलीबारी करके दहशत फैलाने की सुपारी कुछ गुंडों को दी थी। 
विवेक अग्रवाल, मुंबई, 07 अप्रैल 2015, 

Comments